अस्पताल के डॉक्टर ने फांसी लगाकर दी जान, OPD नहीं पहुंचे तो स्टाफ ने खिड़की तोड़कर खोला क्वार्टर, बाथरूम में फंदे पर मिला शव; हाथ पर ब्लेड के निशान

कोरबा। कोरबा के ESIC अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर एल्विन वे ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। डॉक्टर का शव उनके स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटका मिला। उनके हाथ पर ब्लेड से काटे जाने के निशान भी मिले हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन वे करीब एक साल पहले कोरबा में पदस्थ हुए थे। उन्होंने कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। सोमवार सुबह जब डॉक्टर नियमित रूप से OPD में नहीं पहुंचे तो अस्पताल के स्टाफ को चिंता हुई। स्टाफ उनके क्वार्टर पहुंचा, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था। इसके बाद खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां बाथरूम में डॉक्टर का शव फंदे पर लटका मिला।

शादी की तैयारी के बीच टूट गया रिश्ता

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डॉक्टर पिछले कुछ समय से निजी जीवन को लेकर तनाव में थे। बताया जा रहा है कि कोयंबटूर निवासी एक युवती के साथ उनका करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों ने शादी करने का फैसला भी किया था। 12 अगस्त को चर्च में शादी के लिए आवेदन किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया।

बताया जा रहा है कि घटना से करीब तीन दिन पहले डॉक्टर ने अपने माता-पिता को कोरबा बुलाया था। माता-पिता के कोरबा पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मिले तथ्यों और परिस्थितियों को जांच में शामिल किया है। हाथ पर मिले ब्लेड के निशानों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और घटना की जांच जारी है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

  • Top Search

    Popular Post

    20260831_153719
    IMG-20260831-WA0284
    IMG-20260831-WA0295
    20260831_090128

    Most Read