पथलगांव/खड़गपुर। पथलगांव स्थित विकास मेडिकल के संचालक पीतांबर अग्रवाल के पुत्र नवल अग्रवाल को उनकी विभिन्न उपलब्धियों के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर द्वारा प्रतिष्ठित "यंग एलुमनाई अचीवर अवार्ड" से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें IIT खड़गपुर के 75वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष द्वारा प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि यह पुरस्कार 40 वर्ष से कम आयु के उन पूर्व छात्रों को दिया जाता है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की हो।
नवल अग्रवाल ने हाल ही में पंजाब में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद से इस्तीफा दिया था।
गौरतलब है कि नवल अग्रवाल ने वर्ष 2009 में IIT जेईई परीक्षा में प्रथम प्रयास में ही सफलता प्राप्त की थी और IIT खड़गपुर से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उनका चयन अशोका विश्वविद्यालय, सोनीपत द्वारा संचालित प्रतिष्ठित "यंग इंडिया फेलोशिप" कार्यक्रम के लिए हुआ था।
शुरू से ही जनसेवा और सार्वजनिक कार्यों में गहरी रुचि रखने वाले नवल अग्रवाल के अनुभव का दायरा काफी व्यापक रहा है — गांव के स्तर से लेकर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर कार्य करने तक का अनुभव उनके पास है। इतनी कम उम्र में इस स्तर का अनुभव नवल अग्रवाल के समर्पण, प्रतिबद्धता और जज़्बे को दर्शाता है, जो युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल है।
इस उपलब्धि पर पथलगांव क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और स्थानीय लोगों ने नवल अग्रवाल को बधाई दी है।
